खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 8 अगस्त। जिले के विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम रूसे में हरियाली बहिनी कार्यक्रम अंतर्गत मां बमलेश्वरी जनहितकारी समिति राजनांदगांव द्वारा फलदार पौधे लगाने का अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर चंद्रकांत वर्मा, मां बमलेश्वरी जनहितकारी समिति के जिला अध्यक्ष पद्मश्री फूलबासन यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर कलेक्टर चंद्रकांती वर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बहुत कम संसाधन के बावजूद इतना अच्छा कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि गांव को स्वच्छ रखने में शासन के साथ हम सब की भी जिम्मेदारी है। उन्हेंने पेड़ पौधों की महत्व एवं उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह न केवल हमारे पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा रखते हैं, बल्कि हमारे जीवन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वृक्षारोपण के माध्यम से हम न केवल जल स्तर को बढ़ा सकते हैं, बल्कि हम अपने क्षेत्र को हरा-भरा बना सकते हैं और वर्षा को आकर्षित कर सकते हैं। इससे न केवल हमारी कृषि कार्य में मदद मिलेगी, बल्कि पेयजल की समस्या भी दूर होगी और हम जल संकट से बचे रहेंगे। इसलिए वृक्षारोपण के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रेरित करना और इसमें भाग लेना बहुत ही आवश्यक है।
कलेक्टर ने कहा कि हमें अपने आस-पास के क्षेत्र में पेड़-पौधे लगाने चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि हमारा पर्यावरण हरा-भरा और स्वच्छ रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डायरिया का प्रकोप बढ़ रहा है, इसलिए स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पानी गर्म करके पीना एक अच्छा उपाय है। गर्म पानी पीने से पानी में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया और वायरस मर जाते हैं, जो कि डायरिया का कारण बन सकते हैं। इसलिए सबसे अच्छा उपाय सुरक्षा ही बचाव है। इस दौरान कलेक्टर वर्मा ने ग्राम के ही गौरव भारती के बाड़ी में फलदार पौधा आम का रोपण किया।
पद्मश्री श्रीमती यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि मां बम्लेश्वरी जनहितकारी समिति का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार और नशा मुक्ति के प्रति लोगो को जागरूक करना है। यह समाज के विकास के लिए बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा 5000 से अधिक फलदार पौधों का रोपण किया गया है।
जिससे हितग्राही फलों को बेचकर अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार कर सकते हैं। इसके अलावा, पेड़ लगाओ, पैसा कमाओ अभियान भी चलाया जा रहा है, जो कि पर्यावरण की सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी ग्रामवासियों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की अपील की। इस दौरान संसद प्रतिनिधि बिसेसर दास साहू ने भी पेड़ के महत्व को बताते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को पौधा लगाने की अपील की। इस अवसर पर ग्राम के सरपंच नीरा संजय मंडावी, उपसरपंच इंदल दास सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, महिला समूह के सदस्यगण और ग्रामीणजन उपस्थित थे।


