कवर्धा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 31 मई। छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी की प्रथम पुण्यतिथि में नगर पंचायत में आयोजित श्रद्धाजंलि कार्यक्रम का आयोजन जिलाध्यक्ष सुनील केशरवानी के नेतृत्व में किया गया।
सुनील केशरवानी ने बताया कि जिला के विभिन्न विभिन्न क्षेत्र में कार्यकर्ताओं द्वारा कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए गरीब, असहाय, बुजुर्ग, अनाथ बच्चों को भोजन-फल वितरण कर संगोष्ठी सहित अनेक कार्यक्रम कर स्व.जोगी को याद किया गया। इसी कड़ी में नगर पंचायत बोड़ला में जनता कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के जिलाध्यक्ष सुनील केशरवानी ने कहा कि जोगी के बताए मार्ग में चलना और उनके सपनों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धाजंली होगी।
अध्यक्ष दलीचंद ओगरे और शहर अध्यक्ष वसीम सिद्धकी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कुतुबमीनार से ऊंचा जैतखम्ब, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, नई राजधानी की परिकल्पना उनकी ही थी अपने 3 साल के अल्प कार्यकाल में कार्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश और दुनिया में एक नई पहचान दिलाई। छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला रखी।
अनुसूचित जाति के जिलाध्यक्ष गणेश पात्रे ने कहा कि दूरदृष्टिता की सोच रखने वाले स्व. जोगी छत्तीसगढ़ में स्वराज लाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली मान्यता प्राप्त क्षेत्रीय राजनीतिक दल जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की स्थापना किए। इसमें राज्य के हजारों लाखों कार्यकर्ता जुड़े। वर्ष 2018 के विधानसभा में पार्टी गठबंधन को सम्मान जनक 14 प्रतिशत वोट के साथ 7 सीटें मिली। गणेश पात्रे चिल्फी रेंगाखार ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश झारिया रामदास पटेल, जेडी मानिकपुरी, अनिल निर्मलकर, वचन दास मानिकपुरी, जलेश धुर्वे, मानस धुर्वे सहित कार्यकर्ता उपस्थित हुए।