कवर्धा

कवर्धा के वन क्षेत्रों में हाथी की मौजूदगी, गांवों में मुनादी
23-Nov-2026 7:12 PM
कवर्धा के वन क्षेत्रों में हाथी की मौजूदगी, गांवों में मुनादी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 23 नवंबर। सामान्य वनमंडल कवर्धा के अंतर्गत तरेगांव और आसपास के वन क्षेत्रों में जंगली हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सूचना दी है। विभाग की टीम गांवों में मुनादी कराकर लोगों को हाथी से सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दे रही है।

वन विभाग के अनुसार, 22 नवंबर को तरेगांव वन परिक्षेत्र के मुंडादादर सर्किल अंतर्गत ग्राम बाकी में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को हाथी के विचरण की जानकारी दी। इस दौरान लोगों को हाथी से दूरी बनाए रखने और उसके दिखाई देने पर नजदीक नहीं जाने की समझाइश दी गई।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर को दोपहर में तरेगांव वन परिक्षेत्र के बोक्करखार सर्किल अंतर्गत ढोलबज्जा बीट क्षेत्र में एक हाथी की मौजूदगी दर्ज की गई थी। इसके बाद कवर्धा वन परिक्षेत्र के आमनारा बीट स्थित कक्ष क्रमांक 307 में हाथी के पदचिह्न और लीद मिलने की जानकारी सामने आई।वन विभाग के मुताबिक, हाथी के विचरण से अब तक दो फसल क्षति के मामले सामने आए हैं। मकान क्षति और जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली है।

इन गांवों में जारी किया गया अलर्ट

हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने आमापानी, माचापानी, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, धौराटोला, थूहापानी, चोड़चोड़ा, तेंदूपड़ाव, जमुनपानी, बोलदा, बावापथरा, खरिया, मुड़घुसरी, मांदीभाठा, छीरपानी जलाशय, अगरी, भीरा, खुरमुंदा, भलपहरी और महली सहित आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है।

जंगल की ओर अकेले जाने से बचने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में अकेले आवागमन करने से बचें। हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने, उसे छेडऩे या भगाने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

विभाग के अनुसार, हाथी की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीणों को मुनादी और अन्य माध्यमों से सावधान रहने की जानकारी दी जा रही है।


अन्य पोस्ट