कवर्धा
कवर्धा, 2 नवंबर। कवर्धा में सोना दोगुना करने का झांसा देकर 7 लाख के सोने के आभूषण ठगने के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी छोटे लाल सोनी ने 6 अक्टूबर को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दो व्यक्ति उनकी दुकान पर आए और पूजा-पाठ के माध्यम से सोना दोगुना करने का प्रलोभन दिया। इसके बाद मंदिर के पास से सोने की चेन, अंगूठी और लॉकेट (कुल वजन 65.5 ग्राम, कीमत लगभग 7 लाख रुपये) लेकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था।सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी हसनैन नासिर अली ईरानी महाराष्ट्र की पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 15,000 रुपये नकद बरामद कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया। प्रकरण में शामिल मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।