कवर्धा
सरकार तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा दें- रवि चंद्रवंशी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 31 अक्टूबर। कबीरधाम जिले में चक्रवाती तूफान अर्नब और तेज हवाओं के कारण धान की फसलों, सब्जियों एवं अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान पर जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत एवं उचित मुआवजा देने की मांग की है।
रवि चंद्रवंशी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की महीनों की मेहनत बर्बाद हो गई है। ऐसे समय में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह केवल आश्वासन देने के बजाय किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करें।
किसान कांग्रेस की प्रमुख मांगें- प्रभावित गांवों में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए। फसलों, सब्जियों एवं अन्य कृषि उपज को हुए नुकसान का सही आकलन किया जाए। प्रभावित किसानों को अधिकतम संभव मुआवजा दिया जाए तथा जिन परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें तत्काल आर्थिक सहायता मिले। सर्वे और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए, ताकि कोई भी प्रभावित परिवार वंचित न रहे। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि प्रशासन तत्काल राहत कार्य शुरू करे और मुआवजा वितरण में किसी भी प्रकार की देरी न करे, ताकि किसानों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।