कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 31 अक्टूबर। कबीरधाम जिले के थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र में हुई लूट के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और सुराग देने वाले के लिए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने 10,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
ज्ञात हो कि 27 अक्टूबर को थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र में अज्ञात आरोपियों ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर एक सराफा कारोबारी को रास्ते में रोका। आरोपियों ने डंडे व हाथ-मुक्के से मारपीट कर पीडि़त से लगभग 15 ग्राम सोना, करीब 25 किलोग्राम चांदी और 1,50,000 रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। मामले में थाना तरेगांव जंगल में बीएनएस की धारा 309(6), 126(2), 115(2) व 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
एसपी ने पुलिस रेगुलेशन के पैरा क्रमांक 80-ए के तहत 10,000 रुपये के पुरस्कार की उद्घोषणा की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी कराने में सहयोग देने वाले या विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को यह राशि प्रदान की जाएगी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक का निर्णय अंतिम होगा।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घटना या आरोपियों से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।