कवर्धा

कृषि केंद्र में चोरी का आरोपी बंदी
23-Oct-2026 7:03 PM
कृषि केंद्र में चोरी का आरोपी बंदी

3 लाख से अधिक का सामान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 23 अक्टूबर। कबीरधाम जिले की पंडरिया थाना पुलिस ने पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र में हुई चार लाख से अधिक की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नगदी, चांदी के आभूषण और वारदात में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है।

प्रार्थी अमरीक सिंह सलूजा ने थाना पंडरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14-15 अक्टूबर की दरमियानी रात कुकदूर तिराहा स्थित पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र के काउंटर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा 4,10,000 रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं। इस शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नंद राम श्रीवास ग्राम घोंठा, थाना पांडातराई को हिरासत में लिया।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर 1,49,080 रुपये नकद, चोरी के पैसों से खरीदे गए चांदी के एक जोड़ी लच्छा (कीमत लगभग 1,32,000 रुपये), वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, लोहे का सब्बल तथा घटना के समय पहने गए कपड़े जप्त किए गए हैं। जब्त की गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 3,02,080 रुपये है।

पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और इसके विरुद्ध पूर्व में भी चोरी का मामला दर्ज रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।


अन्य पोस्ट