कवर्धा

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों का सम्मान
22-Oct-2026 6:56 PM
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 22 अक्टूबर। कबीरधाम जिले के न्यू पुलिस लाइन जोराताल में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह एवं परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान शहीदों का स्मरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने देश भर के 154 वीर पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया, जिनमें छत्तीसगढ़ के 4 शहीद पुलिसकर्मी शामिल हैं।

इसके पश्चात प्रशिक्षु अधिकारियों के नेतृत्व में जवानों ने शोक शस्त्र परेड आयोजित कर सलामी दी तथा दो मिनट का मौन धारण कर शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए गए।

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ में केंद्रीय पुलिस बल के 10 जवान शहीद हुए थे। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।

समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा शहीद परिवारों के सदस्यों को सम्मानित किया गया। इसमें शहीद आरक्षक झल्लू प्रसाद नेवले के पुत्र जितेन्द्र नेवले व बहू पूनम नेवले, तथा शहीद आरक्षक धनसिंह मेरावी की बेटियों संगीता मेरावी व सविता मेरावी को शाल एवं स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने अपने संबोधन में पुलिस बल को ईमानदारी, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की बात कही।

कार्यक्रम में 17वीं वाहिनी के उप सेनानी प्रमोद गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक प्रमिला मंडावी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह, सहायक सेनानी मोनिका सिंह परिहार सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस बल के जवान तथा नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट