कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 15 अक्टूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में पैदल मार्च निकालकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।
कांग्रेस भवन से शुरू होकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक निकले इस मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के प्रतीकात्मक पुतले को हथकड़ी पहनाकर प्रदर्शन किया तथा केंद्र सरकार व निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण और मतदाता सूची के केंद्रीकरण सहित चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के विरुद्ध कार्रवाई तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग की।
जिलाध्यक्ष नवीन जायसवाल ने मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के भीतर ही अन्य आयुक्तों द्वारा विभिन्न निर्णयों (जैसे नए मतदाताओं का पंजीकरण और नाम हटाना) पर आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, जो संस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती हैं।
पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी नीलू चंद्रवंशी, पूर्व विधायक ममता चंद्राकर और पूर्व अध्यक्ष होरीराम साहू ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता सर्वोपरि है। आयोग को सभी संशयों को दूर कर चुनावी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष महेश चंद्रवंशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा अनंत, किसान कांग्रेस अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।