कवर्धा

खिलाही-बालसमुंद मार्ग पर मुरुम डालकर छोड़ा काम
13-Oct-2026 7:08 PM
  खिलाही-बालसमुंद मार्ग पर  मुरुम डालकर छोड़ा काम

बारिश में कीचड़ से फंस रहे वाहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बोड़ला, 13 अक्टूबर। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना जनमन के तहत खिलाही-बालसमुंद मार्ग का निर्माण अधूरा होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर मुरुम डालने के बाद काम आगे नहीं बढऩे से बारिश में सडक़ कीचड़ में तब्दील हो रही है। इसके चलते कई वाहन फंस चुके हैं और ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।

मार्ग पर लगे सूचना बोर्ड के अनुसार, मुख्य ग्राम से खिलाही एलएमएस (बालसमुंद) तक 2.30 किलोमीटर सडक़ का निर्माण 143.58 लाख रुपए की लागत से किया जाना है। बोर्ड पर पैकेज क्रमांक सीजी-09-148 और ठेकेदार का नाम दर्ज है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने और पूरा होने की तिथि का उल्लेख नहीं है। ऐसे में कार्य की समयसीमा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।

बारिश में बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार, सडक़ पर मुरुम डालने के बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से बारिश के दौरान आवागमन मुश्किल हो गया है। कीचड़ के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों के फंसने की स्थिति बन रही है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज और आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है।


अन्य पोस्ट