कवर्धा

बिना चारा-पानी रात में मवेशी तस्करी, 8 बंदी
08-Oct-2026 8:11 PM
बिना चारा-पानी रात में मवेशी तस्करी, 8 बंदी

4 वाहन समेत साढ़े 31 लाख की संपत्ति जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बोड़ला, 8 अक्टूबर। ग्राम पोलमी क्षेत्र में मवेशियों की तस्करी की सूचना पर कुकदुर पुलिस ने चार वाहनों से 11 मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक मवेशियों को बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था। मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चार वाहन जब्त किए हैं। मवेशियों और वाहनों की कुल जब्ती कीमत 31 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 6 अक्टूबर की दरम्यानी रात ग्राम पोलमी क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की निगरानी और जांच की जा रही थी। इसी दौरान चार वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। चारों वाहनों में कुल 8 भैंस और 3 पाड़ा, यानी 11 मवेशी मिले।

पुलिस का कहना है कि मवेशियों को पर्याप्त चारा-पानी के बिना परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने सभी मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया और परिवहन में प्रयुक्त चारों वाहनों को जब्त कर लिया।

मामले में कुकदुर पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध अपराध  दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक जब्त मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है और उन्हें गौशाला में दाखिल कराया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

पुलिस के अनुसार जब्त 11 मवेशियों की कीमत 3.40 लाख रुपये है। वहीं परिवहन में इस्तेमाल चार वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई गई है।

इस तरह मवेशियों और वाहनों समेत कुल 31.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस ने कहा है कि अवैध पशु परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों पर निगरानी जारी है तथा ऐसे मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट