कवर्धा
बांधा और कुकुरगुड़ा नाला उफान पर होने से रास्ते में फंसा था वाहन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 27 सितंबर। चक्रवातीय मौसम और बीते दो दिनों से जारी लगातार बारिश के कारण कबीरधाम जिले के नदी-नालों में जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई मार्गों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हुई है।
25 सितंबर को मंडला से रायपुर की ओर जा रही एक कार भोरमदेव अभ्यारण्य के बांधा गांव से झलमला जंगल के बीच स्थित मार्ग पर फंस गई। लगातार बारिश के कारण मार्ग के आगे स्थित बांधा नाला और पीछे स्थित कुकुरगुड़ा नाला दोनों उफान पर आ गए, जिससे वाहन बीच में ही रुक गया। वाहन में मंडला निवासी रिचा झा (शिक्षिका), सुयश झा (ट्रांसपोर्टर) और संदीप शुक्ला सवार थे। स्थिति की जानकारी मिलने पर यात्रियों ने पुलिस कंट्रोल रूम कवर्धा को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना झलमला पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थिति का आकलन करने के बाद आवश्यक सहायता प्रदान की और 26 सितंबर को सुबह लगभग 11 बजे यात्रियों को उनके वाहन सहित सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लगभग 24 घंटे तक फंसे रहने के बाद सुरक्षित निकाले गए यात्री अपने वाहन से वापस मंडला के लिए रवाना हो गए।