कवर्धा

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को मिला हाईएस्ट शुगर रिकवरी का नेशनल अवॉर्ड
25-Sep-2026 7:10 PM
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को मिला हाईएस्ट शुगर रिकवरी का नेशनल अवॉर्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 25 सितम्बर। कवर्धा स्थित भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए हाईएस्ट शुगर रिकवरी इन अदर एरिया श्रेणी में राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार (नेशनल एफिशिएंसी अवॉर्ड ) से सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन द्वारा आयोजित समारोह में केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा यह पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप भी उपस्थित थे। कारखाने की ओर से आयुक्त सहकारिता रमेश शर्मा, ओएसडी युगल किशोर तथा प्रबंध संचालक व तकनीकी अधिकारियों की टीम ने पुरस्कार ग्रहण किया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने इस उपलब्धि पर क्षेत्र के किसानों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किसानों की आय वृद्धि के लिए शक्कर कारखानों के सह-उत्पाद (बाय-प्रोडक्ट्स) के अधिकतम उपयोग और वैल्यू एडिशन पर बल दिया।

कारखाने द्वारा संचालित प्रमुख गतिविधियां एवं योजनाएं

कारखाने द्वारा लगभग 5,000 नए गन्ना किसानों को शेयर आवंटित कर सहकारी व्यवस्था से जोड़ा गया है। शेयरधारक किसानों को 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से 50 किग्रा शक्कर तथा जैविक खाद हेतु 1,000 रुपये प्रति ट्रैक्टर की दर से प्रेसमड उपलब्ध कराया जा रहा है। वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट (पुणे) और गन्ना अनुसंधान संस्थान (लखनऊ) के माध्यम से किसानों को उन्नत गन्ना उत्पादन का प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। इस वर्ष लगभग 1,000 एकड़ में नई प्रजातियों का रोपण कराया गया है। कारखाना परिसर में मुख्यमंत्री श्रम अन्न योजना के तहत श्रमिकों के लिए 5 रुपये में भोजन कैंटीन की व्यवस्था की गई है।


अन्य पोस्ट