कवर्धा
कवर्धा, 25 सितंबर। सिटी कोतवाली पुलिस ने लिव-इन पार्टनर को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी महिला अमीना ताज को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाइ को सुमुख दुबे ने पुलिस को सूचना दी कि उनके भाई आलोक दुबे ने कवर्धा स्थित एक किराये के मकान में फांसी लगा ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराते हुए मर्ग जांच शुरू की।
मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक अधिकारी (सीन ऑफ क्राइम यूनिट) के निरीक्षण और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने बताया कि मृतक आलोक दुबे पिछले चार वर्षों से आरोपी महिला के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रहा था। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी द्वारा मृतक पर विवाह के लिए कथित तौर पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा था और मांग पूरी न होने पर कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, इसी प्रताडऩा से परेशान होकर आलोक दुबे ने 29 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।