कवर्धा

सिंघनपुरी में तेंदुआ को बेहोश कर पकड़ा
10-Sep-2026 9:14 PM
 सिंघनपुरी में तेंदुआ को बेहोश कर पकड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कवर्धा, 10 सितंबर।
वन मंडल कवर्धा के अंतर्गत ग्राम सिंघनपुरी में गुरुवार सुबह खेतों के पास तेंदुआ देखे जाने के बाद वन और पुलिस विभाग की टीम ने बचाव अभियान चलाकर तेंदुए को पकड़ लिया है।

गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने मार्ग के समीप तेंदुआ देखने के बाद इसकी सूचना विभाग को दी। सूचना मिलने पर वन मंडल अधिकारी निखिल अग्रवाल के निर्देशानुसार कवर्धा और भोरमदेव अभयारण्य के परिक्षेत्र अधिकारी, थाना प्रभारी कवर्धा व राजनवागांव तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल पर जमा भीड़ को नियंत्रित करते हुए आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी की।

रायपुर से पहुंची विशेषज्ञ टीम
तेंदुए को सुरक्षित पकडऩे के लिए रायपुर से विशेषज्ञों और वन्यप्राणी चिकित्सकों के दल को बुलाया गया। टीम ने स्थिति का निरीक्षण करने के बाद दोपहर 1.42 बजे बेहोशी के इंजेक्शन से तेंदुए को नियंत्रण में लिया।

चिकित्सकों के प्रारंभिक परीक्षण के अनुसार तेंदुए की उम्र लगभग 8 वर्ष बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद तेंदुए को भोरमदेव वन्यजीव अभयारण्य ले जाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, स्वास्थ्य की पूरी तरह समीक्षा करने के बाद उसे नियमानुसार प्राकृतिक आवास (जंगल) में छोड़ा जाएगा।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर उनके पास न जाएं और तुरंत इसकी सूचना संबंधित विभाग या पुलिस को दें।

 


अन्य पोस्ट