कवर्धा

साढ़े 12 लाख की जल योजना, पाइप बिछे, फिर भी घरों तक नहीं पहुंचा पानी
28-Aug-2026 7:05 PM
साढ़े 12 लाख की जल योजना, पाइप बिछे, फिर भी घरों तक नहीं पहुंचा पानी

60-70 बैगा जनजाति कुएं के भरोसे, दो साल पहले लगा था जल जीवन मिशन का बोर्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बोड़ला, 28 अगस्त। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत वनांचल ग्राम मांदी भाटा खुर्द में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाये जाने के बाद भी नलों से जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। ग्राम में बैगा जनजाति के लगभग 60 से 70 परिवार निवास करते हैं।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, ग्राम मांदी भाटा खुर्द में सोलर आधारित लघु जल प्रदाय योजना स्वीकृत की गई है, जिसकी अनुबंधित राशि 12.53 लाख है। योजना का कार्यादेश 16 जुलाई 2024 को जारी किया गया था और कार्य पूर्ण करने की निर्धारित अवधि छह माह रखी गई थी। निर्माण एजेंसी मेसर्स हाण्डा इन्फ्राटेक है।

योजना के तहत सोलर सिस्टम द्वारा बोरवेल से पानी पंप कर पाइपलाइन के माध्यम से घरेलू नल कनेक्शन तक पहुंचाना प्रस्तावित है।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में योजना से संबंधित सूचना बोर्ड लगभग दो वर्ष पूर्व स्थापित किया गया था तथा पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। हालांकि, नलों से जल प्रदाय प्रारंभ नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त गांव का हैंडपंप भी खराब है, जिससे ग्रामीण पेयजल हेतु कुएं पर निर्भर हैं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि योजना का कार्य शीघ्र पूर्ण कर नल से नियमित जलापूर्ति शुरू की जाए तथा बंद पड़े हैंडपंप की मरम्मत कराई जाए।

मामले की जानकारी के लिए ‘छत्तीसगढ़’ ने पीएचई (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग) के एसडीओ गोपाल ठाकुर एवं राजपूत से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु उनसे संपर्क नहीं हो सका।


अन्य पोस्ट