कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 26 अगस्त। कबीरधाम जिले के चौकी पोड़ी (थाना बोड़ला) पुलिस ने खेल विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर 1.30 लाख की ठगी करने और फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पोड़ी चौकी में प्रार्थी जुगेश्वर साहू (निवासी राम्हेपुर खुर्द) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नवंबर 2025 से जून 2026 के मध्य कलिन्दर मिंज (निवासी लैलूंगा, जिला रायगढ़) ने उसे खेल प्रशिक्षक के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर 1.30 लाख रुपये लिए। शिकायत के अनुसार, राशि प्राप्त करने के बाद आरोपी ने उप संचालक (खेल एवं युवा कल्याण विभाग, रायपुर) के नाम से एक फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर और उस पर सील लगाकर प्रार्थी को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने की बात स्वीकार की। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर प्रार्थी की अंकसूची, निवास, जाति एवं अन्य शैक्षणिक व व्यक्तिगत पहचान से जुड़े दस्तावेजों की छायाप्रतियां जब्त की गईं। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी कलिन्दर मिंज के विरुद्ध थाना बोड़ला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(3), 319(2), 340(1) और 318(4) के तहत अपराध पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।