कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 22 अगस्त। कबीरधाम जिले की कुकदूर पुलिस ने पिकअप से मवेशियों की तस्करी पर कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 5 भैंस और 1 पिकअप जब्त किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम अमलीटोला (बदना), कारीढाप रोड क्षेत्र में पिकअप वाहन के माध्यम से मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कुकदूर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में 5 नग भैंस पाए गए, जिनके परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों जोहन सिंह मरावी कारीढाप, थाना कुकदूर, हीरापन्ना बघेल परसाकांपा, जिला मुंगेली, दुबेन्द्र धृतलहरे देवरी, जिला मुंगेली के विरुद्ध कार्रवाई की है।
थाना कुकदूर में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 52/2026, छत्तीसगढ़ पशु कृषक परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 66/192 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।
पुलिस द्वारा मामले में 1,00,000 रुपये कीमत की 5 नग भैंस तथा 9,00,000 रुपये अनुमानित मूल्य का एक बोलेरो पिकअप वाहन (कुल संपत्ति मूल्य 10,00,000 रुपये) जब्त किया गया है। अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया जारी है।