कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 20 अगस्त। कबीरधाम जिले की थाना चिल्फी पुलिस ने मवेशियों की तस्करी कर रहे एक वाहन को रोककर 18 मवेशी जब्त किए हैं। मामले में प्रार्थी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।
दर्ज शिकायत के अनुसार, 19 अगस्त को रेंगाखार तिराहा के पास स्थानीय निवासियों द्वारा आइसर वाहन (क्रमांक यूपी-81-एफटी-2375) को रुकवाया गया। आबकारी चेक पोस्ट चिल्फी के पास वाहन की जांच करने पर उसमें ठूंस-ठूंसकर भरे हुए 18 मवेशी (भैंसा एवं भैंसी) पाए गए।
वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान वीरेंद्र बघेल (निवासी हाथरस, उत्तर प्रदेश), इसरार कुरैशी (निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) एवं राजेश कुमार (निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा व पानी के परिवहन किया जा रहा था। आवेदन के आधार पर थाना चिल्फी में धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 तथा धारा 11 पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला पंजीकृत कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।