कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 13 अगस्त। नाबालिग बच्चियों को मिठाई का लालच देकर अपने साथ ले जाने का प्रयास करने और उनके साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने एक 39 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 9 अगस्त की शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच तीन नाबालिग बच्चियां घर के बाहर खेल रही थीं। इसी दौरान ग्राम उडिय़ाकला निवासी जागेश्वर साहू ने बच्चियों को मिठाई का लालच देकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान उसने बच्चियों के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकत की। बच्चियों के विरोध करने और रोने-चिल्लाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की शिकायत 11 अगस्त को महिला थाना में दर्ज कराई गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 74, 75(2), 296 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीडि़त बच्चियों, शिकायतकर्ता और परिजनों के बयान दर्ज किए गए तथा आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
पुलिस के मुताबिक जांच में आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद जागेश्वर साहू ग्राम उडिय़ाकला, थाना सहसपुर लोहारा को 12 अगस्त को दोपहर करीब 12.30 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को देने के बाद नियमानुसार कार्रवाई पूरी की गई।
महिला थाना पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है। कबीरधाम पुलिस ने नाबालिग बच्चों और महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।