कवर्धा

हत्या कर फांसी पर लटकाया, ससुर-दामाद बंदी
13-Aug-2026 8:15 PM
हत्या कर फांसी पर लटकाया, ससुर-दामाद बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बोड़ला, 13 अगस्त। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बिजोराटोला में फांसी पर लटके मिले प्रेमसिंह बैगा की मौत में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेमसिंह ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि मारपीट के बाद साड़ी से गला कसकर उसकी हत्या की गई थी। हत्या के साक्ष्य छिपाने और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को घर के म्यार में साड़ी के सहारे फांसी पर लटका दिया गया था। ससुर-दामाद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रेमसिंह बैगा की फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलने पर कुकदूर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल निरीक्षण और शव पंचनामा के दौरान मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद पुलिस ने घटना की बारीकी से जांच शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि 8 अगस्त को ग्राम कांदावानी निवासी छत्तर सिंह बैगा अपने दामाद चैतराम बैगा के साथ बैगाई-गुनियाई और झाड़-फूंक के सिलसिले में ग्राम बिजोराटोला पहुंचा था। यहां दोनों ने प्रेमसिंह के साथ शराब का सेवन किया। इसी दौरान बैगाई-गुनियाई की बात को लेकर विवाद हो गया और झूमाझटकी के बाद छत्तर सिंह और चैतराम ने प्रेमसिंह के साथ मारपीट की।

इसी दौरान आरोपियों ने साड़ी से प्रेमसिंह का गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को उसी के घर के म्यार में साड़ी से फांसी पर लटका दिया गया।

जांच में मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने छत्तर सिंह बैगा (55), निवासी कांदावानी और चैतराम बैगा (26), निवासी बिजोराटोला कांदावानी को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ थाना कुकदूर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या के बाद शव को फांसी पर लटकाने की बात स्वीकार की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।


अन्य पोस्ट