कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 2 अगस्त। भोरमदेव मंदिर में कांवरियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा पदयात्रा कर भगवान शिव में जलाभिषेक करने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। कबीरधाम जिले में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष सावन मास के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को भव्य भोरमदेव पदयात्रा होने जा रही है।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक और व्यापरिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों को इस भोरमदेव पदयात्रा में शामिल होने के लिए न्यौता दिया है। इसके अलावा पूर्व में कबीरधाम जिले में सेवाएं दे चुके वर्तमान में राज्य शासन के वरिष्ठ अफसरों को भी जिला प्रशासन द्वारा इस पद यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
भोरमदेव मंदिर के लिए सोमवार 3 अगस्त को सुबह 7 बजे बुढ़ा महादेव मंदिर से भोरमदेव मंदिर तक 18 किलोमीटर की पदयात्रा प्रारंभ होगी। बरसों से चली आ रही यह पदयात्रा प्रशासनिक तौर पर आमजनों के सहयोग से कवर्धा के बुढ़ामहादेव मंदिर से 2008 से अनवरत जारी है। श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों के जन स्वास्थ्य सुविधा एवं विश्राम के लिए अन्य व्यवस्था भी जिला प्रशासन द्वारा की गई है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मंशानुरूप कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा इस पदयात्रा और पदयात्रा में शामिल होने वाले भक्तों के लिए स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाएं की तैयारियां पूरी कर ली गई है। साथ ही पदयात्रियों के लिए रोड मैप भी तैयार किया गया है। सम्पूर्ण पदयात्रा के लिए स्वास्थ्य विभाग का चलित एम्बुलेंस साथ चलेगा। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था किया गया है। भोरमदेव मंदिर परिसर के आस-पास कांवरियों के ठहरने के लिए विश्रामालय की सुविधा सुनिश्चित किया गया है। सम्पूर्ण पदयात्रा के लिए डीजे साउंड बॉक्स भी रहेगा।
पदयात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर शीतल पेयजल और जलपान की व्यवस्था रखी गई है। इसमें समनापुर, बरपेलाटोला, कोडार, राजानवागांव, बाघुटोला, छपरी(गौशाला) और भोरमदेव मंदिर परिसर में व्यवस्था की गई है।
भोरमदेव पदयात्रा के समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोरमदेव से कवर्धा तक नि:शुल्क बस सेवा उपलब्ध रहेगी। सभी पदयात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था की गई है।
पदयात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए सुबह से दोपहर तक समनापुर से ग्राम चौरा मार्ग भोरमदेव तक चारपहिया वाहनों की आवाजाही पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगी। आवागमन के लिए लालपुर-सरोधा-भोरमदेव मार्ग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जाएगा।