कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 28 जुलाई। कबीरधाम जिला की सहसपुर लोहारा थाना पुलिस ने हत्या के एक अंधे कत्ल की गुत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए मृतक की पत्नी एवं उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने घरेलू विवाद तथा पति के अत्यधिक शराब सेवन से परेशान होकर योजनाबद्ध तरीके से हत्या की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पत्थर, स्कूटी एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घरेलू विवाद और शराब के सेवन से परेशान होकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह मृतक महेश साहू बासिनझोरी के पुत्र तुलेश साहू ने पुलिस को सूचना दी कि बानो रोड स्थित एक दुकान के पास उसके पिता का शव पड़ा है। शव पर चोट के निशान थे। सूचना पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी के निर्देशन में फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी नीता साहू से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नीता ने बताया कि 25 जुलाई को वह अपने चचेरे भाई ओदराम साहू के साथ स्कूटी से अपने पति के पास ग्राम बासिनझोरी आई थी। रात में पति द्वारा अत्यधिक शराब सेवन करने एवं लगातार विवाद करने के कारण दोनों के बीच झगड़ा हुआ। बाद में लोहारा पहुंचने पर भी मृतक ने पुन: शराब पी और विवाद करने लगा। इससे तंग आकर नीता साहू ने अपने चचेरे भाई की मदद से पति को पकड़वाया और पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महेश साहू मौके पर अचेत होकर गिर गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को घसीटकर सडक़ किनारे छोड़ दिया और स्कूटी से ग्राम चिमरा लौट गए।
पुलिस ने आरोपियों नीता साहू और ओदराम साहू के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी, पत्थर और कपड़े जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।