कवर्धा

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर जागरूकता शिविर, पौधरोपण भी
11-Jul-2026 4:12 PM
 सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर जागरूकता शिविर, पौधरोपण भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 11 जुलाई। कबीरधाम पुलिस द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर नवीन आपराधिक कानूनों के संबंध में न्यू पुलिस लाइन सभागार में एक दिवसीय जागरूकता अभियान एवं न्याय संहिता कैंप का आयोजन किया गया। साथ ही एकता वृक्षारोपण भी किया गया। इस कार्यक्रम में सामान्य नागरिकों, विद्यार्थियों और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर में जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना व चौकी प्रभारी, विवेचना अधिकारी, प्रधान आरक्षक, आरक्षक, एनसीसी कैडेट और स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि देश में लागू किए गए नवीन आपराधिक कानून न्याय प्रणाली को पारदर्शी, उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में उठाए गए कदम हैं। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुँचना आवश्यक है, ताकि समाज में विधि के प्रति जागरूकता का वातावरण निर्मित हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों से साइबर अपराधों से सतर्क रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की बात कही।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल ने कहा कि नवीन कानूनों में तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल अनुसंधान और समयबद्ध न्याय प्रक्रिया को स्थान दिया गया है। उन्होंने विवेचना अधिकारियों को नए प्रावधानों का अध्ययन कर उनका उपयोग करने तथा गुणवत्तापूर्ण विवेचना के माध्यम से न्याय प्रक्रिया को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने कहा कि वर्तमान समय में कानूनों की जानकारी केवल पुलिस विभाग तक सीमित न रहकर प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों तक पहुँचनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की आधारशिला होते हैं।

कार्यक्रम में जिला अभियोजन अधिकारी भूपेंद्र सिंह द्वारा नवीन कानूनों के विभिन्न प्रावधानों, उनके व्यावहारिक उपयोग, विवेचना प्रक्रिया में आए परिवर्तनों और न्यायिक प्रक्रिया में उनके प्रभाव के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को विधिक प्रावधानों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों, विवेचना अधिकारियों और विद्यार्थियों द्वारा नवीन कानूनों से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका जिला अभियोजन अधिकारी भूपेंद्र सिंह द्वारा उत्तर दिया गया। इस सत्र में प्रतिभागियों ने कानूनों के व्यावहारिक पक्ष, नागरिक अधिकारों, पुलिस कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

 


अन्य पोस्ट