कवर्धा

बरसों से बिना बाउंड्रीवाल संचालित हो रहा चिल्फी का प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास
01-Jul-2026 4:18 PM
बरसों से बिना बाउंड्रीवाल संचालित हो रहा चिल्फी का प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 1 जुलाई। कबीरधाम जिले में बोड़ला विकासखंड के वनांचल  के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के अंतर्गत संचालित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास (50 सीटर), चिल्फी वर्षों से बिना बाउंड्रीवाल के संचालित हो रहा है।

छात्रावास परिसर खुला होने के कारण छात्राओं की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि छात्रावास जैसी संवेदनशील संस्था में चारदीवारी का अभाव सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

जानकारी के अनुसार छात्रावास का निर्माण वर्षों पहले किया गया था, लेकिन अब तक परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल नहीं बनाई जा सकी। वर्तमान में छात्रावास चारों ओर से खुला है, जिससे कोई भी व्यक्ति या मवेशी परिसर में आसानी से प्रवेश कर सकता है। बरसात और रात्रि के समय यह स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शासन बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए छात्रावासों का संचालन कर रहा है, लेकिन यदि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े बुनियादी इंतजाम ही अधूरे रहें तो इसका उद्देश्य प्रभावित होता है। उन्होंने मांग की है कि बाउंड्रीवाल निर्माण के साथ-साथ परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के अन्य आवश्यक इंतजाम भी किए जाएं।

विभाग ने दी यह जानकारी

मामले में आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त लक्ष्मी पटेल से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, चिल्फी की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। वर्तमान में टेंडर प्रक्रिया चल रही है और लगभग एक सप्ताह में यह प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। प्रक्रिया पूरी होते ही नियमानुसार निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।


अन्य पोस्ट