कवर्धा
नशाखोरी और यातायात उल्लंघन पर कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 17 जून। कबीरधाम जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, नशे की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल के साथ विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने घोठिया रोड सहित कवर्धा शहर के आउटर और अन्य चिन्हित क्षेत्रों का रात्रिकालीन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक और सुनसान स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा उन्हें थाना लाकर समझाइश दी गई। पुलिस ने इन व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने के कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया और भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कबीरधाम पुलिस की प्राथमिकता जिले के नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। नशे, असामाजिक गतिविधियों तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कृत्यों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की उपस्थिति से अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करना और आमजन में विश्वास बढ़ाना हमारा उद्देश्य है।
उन्होंने आगे कहा कि देर रात सूनसान स्थानों पर जमा होने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है। संभावित घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चला रही है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई
इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने वालों तथा यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, सडक़ सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


