कवर्धा

वनांचल ग्राम महीडबरा से बांटी पथरा तक बनेगी सडक़, विधायक ने किया भूमिपूजन
06-Jun-2026 4:14 PM
वनांचल ग्राम महीडबरा से बांटी पथरा तक बनेगी सडक़, विधायक ने किया भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 6 जून। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने वनांचल ग्राम महीडबरा से बांटी पथरा तक 2.50 किलोमीटर सडक़ निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस सडक़ के निर्माण पर 2 करोड़ 69 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी।

इस अवसर पर  विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सडक़ निर्माण से ग्राम महीडबरा, बांटीपथरा, दमगढ़, ताईतिरनी, अमलीटोला, घोघरा, नेउर कुशियारी, उतका और तिलियापानी के निवासियों तथा राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों तक सर्व मौसम सडक़ संपर्क उपलब्ध कराना है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य सेवाओं तक पहुंच आसान हो सके। उनके अनुसार पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में लगभग 500 किलोमीटर सडक़ निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में चल रहे हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांगों में शामिल था। उनके अनुसार सडक़ बनने से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं तक पहुंच बेहतर होगी।

उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वनांचल क्षेत्रों में सडक़, आवास, बिजली और पेयजल से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं। उनके अनुसार वनांचल क्षेत्र में 100 किलोमीटर से अधिक सडक़ निर्माण, 3500 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण तथा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में कुकदुर मंडल अध्यक्ष बसंत वाटिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष रतिराम भट्ट, पार्वती सुनहले, बिंदा पनागर, राम गोपाल वट्टी, मोहित मरावी, पंडराम सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

 


अन्य पोस्ट