कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 30 मई। कबीरधाम जिला पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंडरिया थाना पुलिस ने ग्राम पाढी में सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों पर दांव लगाते हुए 8 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पंडरिया पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (पंडरिया) भूपत सिंह धनेश्री के मार्गदर्शन में पुलिस टीम क्षेत्र में निगरानी रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पाढी दैहान के पास कुछ व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर 52 पत्ती ताश से हार-जीत की बाजी लगा रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पंडरिया पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 8 लोगों को पकड़ा। पुलिस बल को देखकर कुछ अन्य संदेही मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 3,550/रूपये नगद राशि, 52 पत्ती ताश, 5 मोबाइल फोन एवं 02 मोटरसाइकिल जब्त किए गए। पकड़े गए आरोपियों में यशवंत कुमार निषाद, उमेंद पटेल, शंकर पटेल, विद्याप्रसाद कुर्रे, श्याम पटेल, धनराज कुमार टोण्डे, अखिल कुर्रे, जगेसर पटेल सभी निवासी कबीरधाम हैं। पंडरिया पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। इसके साथ ही सभी 8 आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।


