कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 15 मई। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ग्राम पंचायत रणवीरपुर और घुटुरकुण्डी में आयोजित समाधान शिविर में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों से संवाद किया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को राशन कार्ड, ट्राइसाइकिल, चेक और प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। विधायक ने हितग्राहियों से योजनाओं के संबंध में जानकारी भी ली।
इस अवसर पर भावना बोहरा ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन तिहार के माध्यम से लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान और योजनाओं के क्रियान्वयन पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन के स्तर पर पारदर्शिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रयास किया जा रहा है। विधायक ने कहा, जनसेवा ही हमारा संकल्प है, और जनता की समस्याओं का समाधान ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सुशासन तिहार को जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में सरकार की पहल बताया।
कार्यक्रम में उन्होंने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में सडक़, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, राजकुमारी राजेंद्र साहू, जनपद अध्यक्ष दुर्गा सिंह, नंदनी साहू, जिला मंत्री राघवेंद्र वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


