कवर्धा

धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए काम कर रही है राज्य सरकार-सीएम
12-May-2026 4:11 PM
धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए काम कर रही है राज्य सरकार-सीएम

डोंगरिया में कुर्मी क्षत्रिय महासभा का सम्मेलन, विकास कार्यों की घोषणाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 12 मई। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डोंगरिया में अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा द्वारा प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए।

कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा और महासभा के पदाधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इसके बाद जलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया गया।

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक भावना बोहरा की मांग पर जलेश्वर महादेव मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये, ग्राम डोंगरिया से खरहट्टा तक 2.5 किलोमीटर सीसी रोड निर्माण तथा छीरपानी जलाशय की नहर विस्तार की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कुर्मी समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज ने कृषि, शिक्षा, प्रशासन, राजनीति और सामाजिक क्षेत्रों में योगदान दिया है। कार्यक्रम में विजय शर्मा, लक्ष्मी वर्मा, धर्मजीत सिंह, सर्वेश कटारिया और चंद्रभूषण वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समाज के सदस्य उपस्थित रहे। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि क्षेत्र को मिली विकास योजनाएं स्थानीय आवश्यकताओं को पूरा करेंगी। उन्होंने धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास को सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा विषय बताया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों का सम्मान भी किया गया।


अन्य पोस्ट