कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 5 मई। कबीरधाम जिले में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ध्यान साधना एवं कॅरियर मार्गदर्शन केंद्र का शुभारंभ किया गया। आयोजकों के अनुसार केंद्र में प्रत्येक माह के पहले रविवार को मेडिटेशन और कॅरियर मार्गदर्शन से संबंधित सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न विषय विशेषज्ञ और अधिकारी शामिल होंगे।
आयोजकों ने बताया कि इस केंद्र का लाभ बच्चे, महिलाएं और पुरुष सभी ले सकते हैं। कार्यक्रम में बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं जैसे तनाव, अनिद्रा और अन्य स्थितियों में ध्यान साधना सहायक हो सकती है।
यह केंद्र माता सफूरा/सावित्री महिला संगठन और कल्याणी जन सेवा समिति के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार कुछ महिलाओं ने मेडिटेशन का प्रशिक्षण प्राप्त किया है और वे जनसहयोग से गतिविधियां संचालित करेंगी।
केंद्र के उद्देश्यों में शिक्षा को बढ़ावा देना, कैरियर के प्रति जागरूकता, नि:शुल्क कराटे प्रशिक्षण, लाइब्रेरी संचालन, नशा मुक्ति अभियान, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता और परिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करना शामिल है। यह केंद्र सतनाम भवन, नई मंडी के पास, कवर्धा में संचालित होगा। आयोजकों ने सभी वर्ग के लोगों को इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।


