कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 28 अप्रैल। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न कार्यों के लिए 8 करोड़ 3 लाख 67 हजार की स्वीकृति मिली है। यह राशि राज्य शहरी अभिकरण, अधोसंरचना मद, राज्य प्रवर्तित योजना और खनिज साधन विभाग के माध्यम से, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। विधायक भावना बोहरा ने मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत पांडातराई में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी-2.0) के अंतर्गत इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन ड्रेन तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) निर्माण के लिए 3 करोड़ 6 लाख 88 हजार स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा नगर पालिका पंडरिया तथा नगर पंचायत इंदौरी और पांडातराई में अधोसंरचना एवं राज्य प्रवर्तित योजना के तहत 3 करोड़ 36 लाख 79 हजार की स्वीकृति मिली है।
वहीं, पंडरिया विधानसभा के 8 ग्राम पंचायतों—बगदई, बिरनपुरकला, नवागांवखुर्द, रेंगाबोड़, रंजीतपुर, जंगलपुर, अतरियाखुर्द और कुण्डा—में नए पंचायत भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ 60 लाख स्वीकृत किए गए हैं। विधायक भावना बोहरा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी। उनके अनुसार, स्वीकृत परियोजनाओं में नालों के जल प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं, जिनसे स्थानीय स्तर पर सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, इन योजनाओं के तहत नगरीय निकायों में अधोसंरचना विकास, दुकानों का निर्माण, मांगलिक भवन और मुक्तिधाम से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत भवन निर्माण के माध्यम से स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का उद्देश्य बताया गया है।


