कवर्धा

आईपीएल सट्टा, दो गिरफ्तार
14-Apr-2026 6:25 PM
आईपीएल सट्टा, दो गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 14 अप्रैल। आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टा खेल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सट्टा आईडी, टेलीग्राम व बैंक ट्रांजेक्शन की जांच पुलिस कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 12 और 13 अप्रैल की दरमियानी रात मुखबिर की सूचना पर थाना पंडरिया क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान घोघरापारा क्षेत्र से दीपक चन्द्राकर (21 वर्ष) और अरुण कुमार निषाद (23 वर्ष), दोनों निवासी बैरागपारा पंडरिया, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ऑनलाइन आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने और संचालित करने की बात स्वीकार की। उनके कब्जे से दो मोबाइल जब्त किए गए हैं। प्राथमिक जांच में मोबाइल फोन से कुछ डिजिटल एप्लिकेशन और लेन-देन से संबंधित जानकारी मिलने की बात पुलिस ने कही है। इन आधारों पर अन्य संभावित संबंधित व्यक्तियों की पहचान के लिए जांच जारी है। इस मामले में थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 86/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6 और 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले की आगे जांच जारी है।


अन्य पोस्ट