कवर्धा

आईजी का थाना पंडरिया में निरीक्षण, बेहतर पुलिसिंग, अनुशासन एवं जनसंपर्क सुदृढ़ करने दिए निर्देश
13-Apr-2026 2:47 PM
आईजी का थाना पंडरिया में निरीक्षण, बेहतर पुलिसिंग, अनुशासन एवं जनसंपर्क सुदृढ़ करने दिए निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 13 अप्रैल। कबीरधाम जिले के थाना पंडरिया में 11 अप्रैल को पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज बालाजी राव सोमावार  ने थाना पंडरिया एवं पुलिस अनुविभागीय कार्यालय पंडरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमित पटेल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पंडरिया  भूपत धनेश्वरी तथा थाना प्रभारी अजय कुमार सिन्हा उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने थाना परिसर में संधारित अभिलेखों, रजिस्टरों एवं रोजनामचा पंजी का अवलोकन किया तथा उनके संधारण, अद्यतन स्थिति एवं विधिसम्मत प्रविष्टियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान शस्त्रागार, मालखाना, बंदीगृह, थाना परिसर की स्वच्छता एवं अभिलेख प्रबंधन प्रणाली का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने शस्त्रों के रख-रखाव, मालखाना सामग्री के संरक्षण एवं बंदियों के साथ व्यवहार के संबंध में निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक ने बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने, आमजन से संवाद बनाए रखने, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने, लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा तकनीकी संसाधनों के उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही, गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर बल दिया। थाना प्रभारी एवं वरिष्ठ आरक्षकों को परेड अभ्यास नियमित करने एवं शारीरिक दक्षता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके पारिवारिक एवं व्यक्तिगत विषयों पर भी चर्चा की गई तथा समस्याओं के निराकरण के लिए अवगत कराने को कहा गया। निरीक्षण के अंत में पुलिस महानिरीक्षक ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए निर्देशित किया।


अन्य पोस्ट