कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 4 अप्रैल। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के कवर्धा वनमंडल द्वारा अवैध लकड़ी परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की गई। भोरमदेव अभयारण्य (चिल्फी रेंज) और कवर्धा वन परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की।
1 अप्रैल की रात मुखबिर से सूचना मिलने पर चिल्फी परिक्षेत्र में टीम ने संदिग्ध मार्ग पर घेराबंदी की। जांच के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया, जिसमें बड़ी मात्रा में लकड़ी पाई गई। वाहन चालक द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 41, 42, 52, 55 एवं छत्तीसगढ़ वनोपज (अभिवहन) नियम, 2001 के तहत कार्रवाई की गई।
इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21694/2 दर्ज कर लकड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चिल्फी रेंज परिसर में रखा गया है।
संयुक्त टीम ने धवाईपानी क्षेत्र के होटल और ढाबों पर भी जांच की। जांच के दौरान दो स्थानों पर अवैध रूप से जलाऊ लकड़ी का भंडारण पाया गया।
मुकेश ढाबा (धवाईपानी) से 2 चट्टा जलाऊ लकड़ी, सरदारजी ढाबा (धवाईपानी) से 3 चट्टा जलाऊ लकड़ी जब्त किया गया।
दोनों मामलों में संबंधित व्यक्तियों के पास वैध अनुमति नहीं मिलने पर भारतीय वन अधिनियम के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21614/17 और 21614/18 दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग ने आम लोगों से अवैध कटाई, परिवहन या भंडारण की सूचना देने की अपील की है।


