कवर्धा

पंडरिया अस्पताल में विवाद करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
04-Apr-2026 3:15 PM
पंडरिया अस्पताल में विवाद करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 4 अप्रैल। पंडरिया थाना क्षेत्र के शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर और स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।

पुलिस के अनुसार, 1 और 2 अप्रैल  की मध्य रात्रि अस्पताल परिसर में कुछ लोगों द्वारा गाली-गलौज, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। जांच में दिनेश जोगी, कमल पाटले, देवकुमार टंडन और जितेंद्र बंजारे के नाम सामने आए। आरोप है कि इन व्यक्तियों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और स्टाफ के साथ अभद्रता की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। अपराध की प्रकृति को देखते हुए आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की गई है और शासकीय कार्य में बाधा या चिकित्सा कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार के मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट