कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 30 मार्च। कवर्धा-भोमरदेव मार्ग पर समनापुर के समीप एक आक्रामक हनुमान लंगूर द्वारा राहगीरों एवं स्थानीय निवासियों पर हमला कर उन्हें घायल करने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने पशु चिकित्सक की सहायता से उसको ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। इसके बाद उसे बोड़ला स्थित पिंजरे में निगरानी हेतु रखा गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देशन एवं उपवनमंडलाधिकारी अभिनव केसरवानी के मार्गदर्शन में कवर्धा परिक्षेत्र की टीम एवं उडऩदस्ता दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
रेस्क्यू के दौरान पशु चिकित्सक डॉ. जडिया और उनकी टीम की सहायता से लंगूर को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे बोड़ला स्थित पिंजरे में निगरानी हेतु रखा गया है।
वन विभाग के अनुसार, पशु चिकित्सक की सलाह पर अगले दो दिनों तक लंगूर के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाएगी। स्थिति सामान्य होने पर उसे पुन: सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वन्यजीवों से जुड़ी किसी भी घटना की सूचना तुरंत विभाग को दें तथा स्वयं हस्तक्षेप करने से बचें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।


