कवर्धा
कवर्धा, 29 मार्च। कबीरधाम जिले में नाबालिग बालिका की गुमशुदगी के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च को एक प्रार्थी ने थाना सहसपुर लोहारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है और वापस नहीं लौटी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस एवं गुम इंसान क्रमांक 21/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सतत प्रयासों के आधार पर पुलिस ने बालिका को आरोपी भूपेन्द्र कुमार मण्डावी के कब्जे से बरामद किया। पुलिस के अनुसार, बालिका के बयान के आधार पर आरोपी पर बहला-फुसलाकर ले जाने और रेप करने के आरोप सामने आए हैं। इसके बाद प्रकरण में संबंधित धाराएं जोड़ते हुए आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। वहीं, बरामद बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।


