कवर्धा

धान खरीदी में 70 लाख से अधिक की हेराफेरी, खरीदी प्रभारी गिरफ्तार
27-Mar-2026 3:40 PM
धान खरीदी में 70 लाख से अधिक की हेराफेरी, खरीदी प्रभारी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 27 मार्च। कबीरधाम जिले के थाना कुण्डा क्षेत्र अंतर्गत धान खरीदी केंद्र पेण्ड्रीकला में धान खरीदी में 70 लाख से अधिक की हेराफेरी का खुलासा हुआ है।  इस मामले में पुलिस ने आरोपी खरीदी प्रभारी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजनांदगांव शाखा कुण्डा के प्रतिनिधि द्वारा लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी में अनियमितताओं की बात कही गई थी।

जांच के दौरान बताया गया कि 12 जनवरी 2026 तक केंद्र में कुल 23,319.20 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज थी। इसमें से 3,880 क्विंटल धान का उठाव हो चुका था, जबकि शेष धान केंद्र में उपलब्ध होना चाहिए था। हालांकि, भौतिक सत्यापन में कम मात्रा पाई गई, जिससे लगभग 2,272 क्विंटल धान की कमी सामने आने का उल्लेख किया गया है। इसकी अनुमानित राशि 70,43,200 रुपये बताई गई है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस ने धान खरीदी प्रभारी विवेक चंद्राकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि रिकॉर्ड में कथित हेरफेर के संबंध में जांच की गई और साक्ष्य एकत्र किए गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को 26 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट