कवर्धा
विभिन्न पदों पर नियुक्तियों से संगठन को मिली मजबूती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 23 मार्च। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन जिला इकाई कबीरधाम द्वारा संगठन को मजबूत एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नई नियुक्तियां की गई हैं। इस पहल से न केवल जिला इकाई बल्कि पंडरिया , सहसपुर लोहारा ब्लॉक इकाई को भी नई दिशा और मजबूती मिली है।
नियुक्ति पत्र के अनुसार पंडरिया ब्लॉक इकाई में टिकम चंद जैन को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, वहीं सहसपुर लोहारा ब्लॉक में उमेश छेदावी को ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे ग्रामीण एवं ब्लॉक स्तर पर संगठन की सक्रियता और बढ़ेगी।
जिला स्तर पर इलियास खान को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही संगठन के विस्तार के तहत रविन्द्र शुक्ला को सचिव, गुरुदीप सिंह को कोषाध्यक्ष तथा दुजराम यादव को सहसचिव बनाया गया है।
विस्तारित टीम में सहसपुर लोहारा ब्लॉक सहित अन्य इकाइयों को मजबूत करने के उद्देश्य से टिकेश्वर साहू को उपाध्यक्ष, राजा श्रीवास्तव को महासचिव, तोरण कुमार को सचिव तथा संदीप मानिकपुरी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पंडरिया ब्लाक के लिए सूरज चंद्राकर उपाध्यक्ष , सूरज यादव महासचिव , रवि साकत को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला अध्यक्ष श्याम टंडन ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन अब जिला से लेकर ब्लॉक स्तर तक मजबूत हो रहा है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी पदाधिकारी पत्रकारों के हित में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
इन नियुक्तियों से विशेष रूप से सहसपुर लोहारा और पंडरिया ब्लॉक इकाई में उत्साह का माहौल है और माना जा रहा है कि इससे क्षेत्रीय पत्रकारों को एक सशक्त मंच मिलेगा तथा संगठन की पहुंच जमीनी स्तर तक और अधिक मजबूत होगी।


