कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 18 मार्च। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अंतर्गत कवर्धा वनमंडल में पदस्थ उप वनक्षेत्रपाल मीना धुर्वे ने अखिल भारतीय स्तर की वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर विभाग सहित पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
यह प्रतियोगिता केन्द्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं खेल बोर्ड, नई दिल्ली के तत्वाधान में आयोजित की गई, जिसका संचालन खेल विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा 5 से 7 मार्च तक किया गया। देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच श्रीमती धुर्वे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने 77 किलोग्राम वर्ग में भाग लेते हुए स्नेच में 42 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में 55 किलोग्राम भार उठाया। कुल 97 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी श्रीमती धुर्वे ने अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विभाग का नाम रोशन किया था।
इस उपलब्धि पर वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं वनमंडल परिवार ने भी श्रीमती धुर्वे को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


