कवर्धा

ब्लैकमेलिंग से तंग होकर की थी डांस टीचर की हत्या, नाबालिग हिरासत में
16-Mar-2026 7:23 PM
ब्लैकमेलिंग से तंग होकर की थी डांस टीचर की हत्या, नाबालिग हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 16 मार्च। कबीरधाम जिले में जनवरी में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने जांच के बाद एक नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लिया है।

लगभग 56 दिनों तक लगातार चली गहन विवेचना के बाद पुलिस को सफलता मिली। लगभग 5 हजार मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण एवं 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच के बाद महत्वपूर्ण सुराग मिले और आरोपी पकड़ाया। पुलिस के अनुसार मृतक द्वारा नाबालिग को कथित रूप से ब्लैकमेलिंग किए जाने से तंग होकर हत्या की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सत्यमदास मानिकपुरी  निवासी वार्ड क्रमांक 26, घोठिया रोड कवर्धा के रूप में हुई थी। मृतक पेशे से डांस शिक्षक था तथा पांडातराई क्षेत्र के एक निजी स्कूल में बच्चों को डांस सिखाता था। इस मामले में थाना कवर्धा में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक 17 जनवरी को थाना कवर्धा क्षेत्र के लालपुर नर्सरी के पीछे सडक़ पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि युवक के गले में चाकू से वार किए जाने के निशान थे।

मामले की जांच के लिए पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज बालाजी राव के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की।

 

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल नंबरों के कॉल डाटा का विश्लेषण किया गया और कई स्थानों से सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर जांच की गई। इसके अलावा मृतक के परिचितों और अन्य लोगों से पूछताछ भी की गई।

जांच के दौरान प्राप्त सुरागों के आधार पर एक नाबालिग बालक को संदेह के आधार पर अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता की जानकारी दी।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक एवं विधि से संघर्षरत नाबालिक बालक के बीच लगभग 3 माह पूर्व से जान-पहचान थी तथा दोनों के बीच अप्राकृतिक शारीरिक संबंध बने हुए थे। बाद में इसी संबंध को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया तथा मृतक द्वारा विधि से संघर्षरत नाबालिक बालक को बार-बार और संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल किया जा रहा था।

प्राप्त सुरागों के आधार पर विधि से संघर्षरत नाबालिक बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि घटना वाले दिन उसने मृतक को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से अपने पास बुलाया। इसके बाद दोनों एक स्कूटी वाहन से घटनास्थल की ओर गए। वह अपने घर से पहले ही चाकू लेकर निकला हुआ था। घटनास्थल पर पहुंचते ही उसने मृतक के गले में चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, एक स्कूटी, खून से सने कपड़े तथा नदी में फेंका गया मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट