कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 2 मार्च। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नागपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर कबीरधाम जिले से संबंधित सडक़ परियोजनाओं पर चर्चा की।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कवर्धा जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार लेन बायपास निर्माण तथा चिल्फी (धवईपानी) से सिमगा तक राष्ट्रीय राजमार्ग 30 (एनएच-30) के लगभग 122 किलोमीटर लंबे हिस्से को चार लेन में उन्नयन की स्वीकृति देने का आग्रह किया।
एनएच-30 उन्नयन का प्रस्ताव
उप मुख्यमंत्री के अनुसार हाल ही में जबलपुर-मंडला-चिल्फी सेक्शन (लगभग 160 किमी) को चार लेन में उन्नयन की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि चिल्फी से रायपुर के बीच वर्तमान में दो लेन मार्ग है, जिस पर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में चिल्फी (धवईपानी) से सिमगा तक के सेक्शन को भी चार लेन में विकसित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि यदि यह स्वीकृति मिलती है तो जबलपुर से रायपुर तक निरंतर चार लेन मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
कवर्धा बायपास की मांग
उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जबलपुर-रायपुर मार्ग पर कबीरधाम जिला मुख्यालय स्थित है और शहर के भीतर से भारी वाहनों का आवागमन होता है। इसे देखते हुए कवर्धा में चार लेन बायपास निर्माण की मांग रखी गई है, ताकि यातायात का दबाव कम किया जा सके।
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जाने की जानकारी दी।


