कवर्धा

गांव-गांव कांग्रेस का अभियान, जनविरोधी नीतियों पर होगा खुला प्रहार- नवीन जायसवाल
02-Mar-2026 2:54 PM
गांव-गांव कांग्रेस का अभियान, जनविरोधी नीतियों पर होगा खुला प्रहार- नवीन जायसवाल

 जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम की पहली कार्यकारिणी बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 2 मार्च। जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम की प्रथम जिला कार्यकारिणी बैठक जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।

बैठक टीम विस्तार के बाद आयोजित की गई थी। इसमें जिले के सभी आठ ब्लॉकों एवं विभिन्न समाजों को प्रतिनिधित्व दिए जाने की जानकारी दी गई। पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।

 संगठनात्मक सक्रियता पर जोर

जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि संगठन को सक्रिय रूप से कार्य करना होगा और पदाधिकारियों को क्षेत्र में जाकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने अनुशासन के साथ काम करने पर बल देते हुए कहा कि अनुशासनहीनता की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यकारिणी में युवाओं को भी स्थान दिया गया है, ताकि संगठन में उनकी भागीदारी बढ़ सके। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सोच के अनुरूप युवाओं को अवसर देने की बात कही। आगामी नियुक्तियां और रणनीति बैठक में निर्णय लिया गया कि शहरी क्षेत्रों में वार्ड अध्यक्ष और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी। प्रत्येक बूथ पर टीम गठन कर संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने की योजना बनाई गई।

बैठक में यह भी चर्चा हुई कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक तैयारियां प्रारंभ की जाएंगी और बूथ स्तर तक रणनीति लागू की जाएगी।

बैठक में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट