कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 23 फरवरी। होली के दिन शराब दुकानें खुले रखने के निर्णय के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, कबीरधाम ने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा गृह मंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया।
कार्यक्रम जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य नागरिक शामिल हुए।
जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि होली आस्था और परंपरा का पर्व है तथा ऐसे अवसर पर शराब दुकानें खोलना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्णय जनता की भावनाओं के विपरीत है। उन्होंने 21 फरवरी को कवर्धा में गृह मंत्री विजय शर्मा के निवास के सामने स्थित शनि देव मंदिर और हनुमान मंदिर में मूर्तियों से तोडफ़ोड़ की घटना का उल्लेख करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा अनंत ने कहा कि होली के दिन शराब की बिक्री से झगड़े, सडक़ दुर्घटनाएं और अन्य आपराधिक घटनाएं बढऩे की आशंका है।
ब्लॉक अध्यक्ष छबि वर्मा ने कहा कि हत्या, लूट और चाकूबाजी की घटनाओं से लोग चिंतित हैं और ऐसे में शराब दुकानें खुली रखना उचित नहीं है।
शहर अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर हुई घटनाओं को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से कानून व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारी लेने की मांग की।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया और कहा कि यदि शराब नीति में बदलाव नहीं किया गया तो आगे भी आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में ममता चंद्राकर (पूर्व विधायक), नीलू चंद्रवंशी (पंडरिया प्रत्याशी), गोपाल चंद्रवंशी (संगठन महामंत्री) सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


