कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 2 फरवरी। कबीरधाम जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई के तहत थाना चिल्फी पुलिस द्वारा 31 जनवरी को वाहन चेकिंग के दौरान गांजा की बरामदगी की गई है। इस कार्रवाई में तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में थाना चिल्फी क्षेत्र में सघन वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध टाटा जेस्ट कार (सफेद रंग) क्रमांक सीजी-18-एम-1456 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन में रखे तीन पि_ू बैगों से 15 पैकेट अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजा का कुल वजन 15.480 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 7,75,000 रुपये है।
पुलिस के अनुसार मौके पर ही तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि महताब अहमद और मो. रासिक बस या ट्रेन से उड़ीसा के सोनपुर जाते थे, जहां से गांजा लेकर रायपुर आते थे। इसके बाद इमाम खान द्वारा वाहन के माध्यम से गांजा को उत्तरप्रदेश के हमीरपुर ले जाया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूर्व में भी इसी तरीके से गांजा परिवहन किए जाने की जानकारी दी है। गिरफ्तार आरोपी में इमाम खान उत्तरप्रदेश, महताब अहमद उत्तरप्रदेश, मो. रासिक हरियाणा, हाल पता रायपुर है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल लगभग 12,95,000 रुपये मूल्य की संपत्ति को समक्ष गवाहों के जब्ती पत्रक के तहत जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस प्रकरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं भूमिका की जांच जारी है।


