कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 22 दिसंबर। जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम (कवर्धा) द्वारा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह धरना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को योजनाबद्ध तरीके से कमजोर करने एवं व्यवहारिक रूप से बंद करने की मंशा के विरोध में किया गया।
धरना की शुरुवात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर व पूर्व मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश स्व. मोतीलाल वोरा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर प्रारंभ की गई।
सभा को सम्बोधित करते हुए शहर अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि मनरेगा देश की सबसे महत्वपूर्ण, महत्वाकांक्षी और जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसने करोड़ों ग्रामीण गरीबों, मजदूरों, किसानों और वंचित वर्गों को रोजगार की गारंटी प्रदान की है। ऐसी योजना को समाप्त करना भाजपा सरकार की गरीब-विरोधी और श्रमिक-विरोधी सोच को उजागर करता है।
पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को रोजगार गारंटी से नहीं, बल्कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के नाम और उनके विचारों से आपत्ति है। इसी मानसिकता के चलते मनरेगा से महात्मा गांधी जी का नाम हटाने तथा योजना को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जो न केवल गांधी जी के सम्मान पर हमला है, बल्कि संविधान के मूल्यों के भी विरुद्ध है।
कार्यक्रम का संचालन राजीव युवा मितान क्लब के पूर्व समन्वयक मनीष शर्मा ने किया। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी जी के चित्रों के साथ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए उनके नाम, विचार और मूल्यों को मिटाने की साजिश का विरोध किया। जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी गरीबों, किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रही है और आगे भी इस लड़ाई को पूरी ताकत से जारी रखेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम ने भाजपा सरकार से मांग की है कि मनरेगा को कमजोर करने के सभी निर्णय तुरंत वापस लिए जाएं, योजना को पूर्ण रूप से लागू किया जाए तथा ग्रामीण रोजगार की गारंटी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम में पंडरिया के पूर्व विधायक ममता चंद्राकर, प्रदेश सचिव पीसीसी जगमोहन साहू,कवर्धा शहर अध्यक्ष अशोक सिंह, कवर्धा ग्रामीण अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी, लोहारा ब्लॉक अध्यक्ष सौखीराम साहू, ठाठापुर ब्लॉक अध्यक्ष सतीश गहरवार, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा अनंत, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रभान कोशले, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष रवि चन्द्रवंशी, जिला संगठन महामंत्री गोपाल चंद्रवंशी, प्रदेश सचिव अतुल बरगाह, अनुसूचित जाति कांग्रेस के अध्यक्ष राजेंद्र मारकंडे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी संतोष यादव पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कुंभकार, सहित बड़ी संख्या में जिला कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


