कवर्धा

बायसन की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार
17-Dec-2025 4:12 PM
बायसन की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 17 दिसंबर। कवर्धा वनमंडल में वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बायसन (गौर) मृत्यु प्रकरण का खुलासा हुआ।  वन विभाग की टीम ने दो आरोपी को गिरफ्तार किया।

कवर्धा वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र कवर्धा के बंजारी वृत्त स्थित धवईपानी परिसर के कक्ष क्रमांक आर.एफ.-47, ग्राम जामपानी में दो बायसन (गौर) मृत अवस्था में पाए जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग द्वारा जांच प्रारंभ की गई।

वन विभाग के अनुसार सूचना के बाद विभागीय अमला मौके पर पहुंचा, क्षेत्र को सुरक्षित किया गया और जब्ती व जांच की गई। मामले में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 तथा लोक संपत्ति निवारण नुकसान अधिनियम, 1984 की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21614/13 दिनांक 16.12.2025 पंजीबद्ध किया गया है।

जांच के दौरान डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया। विभाग के अनुसार डॉग स्क्वाड की निशानदेही पर घटनास्थल से खूंटी सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। जिला पशु चिकित्सा विभाग की टीम तथा रायपुर से आई विशेषज्ञ टीम द्वारा मृत बायसन के अंगों से फॉरेंसिक जांच हेतु नमूने एकत्र किए गए।

इस मामले में विभागीय दायित्वों की समीक्षा के बाद मुख्य वन संरक्षक, दुर्ग वृत्त, दुर्ग द्वारा परिक्षेत्र सहायक बंजारी ललित यादव तथा वनमंडलाधिकारी कवर्धा द्वारा परिसर रक्षक अनिल राजपूत को निलंबित किए जाने की जानकारी दी गई है।

वन विभाग के अनुसार मृत बायसन के शवों का नियमानुसार दहन किया गया। इस दौरान संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति बताई गई है।

डॉग स्क्वाड की निशानदेही के आधार पर की गई आगे की कार्रवाई में एक संदिग्ध के घर से जी.आई. तार, भुना हुआ मांस, सुअर का दांत, मोर का पैर सहित अन्य सामग्री जप्त किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके बाद कुंवर सिंह बैगा और दशरू बैगा को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

वन विभाग के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि छोटे वन्यप्राणियों के शिकार के लिए तार बिछाकर विद्युत प्रवाहित की गई थी, जिसकी चपेट में बायसन आ गया। विभाग का कहना है कि मामले की जांच जारी है और विधि के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वनमंडलाधिकारी कवर्धा ने क्षेत्रीय अधिकारियों और कर्मचारियों को गश्त बढ़ाने तथा अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।


अन्य पोस्ट