कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 19 नवंबर। जिला कबीरधाम के कवर्धा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मामले की रिपोर्ट मृतक के परिवार की सदस्य अमरिका बंजारे द्वारा दर्ज कराई गई थी। उनकी रिपोर्ट में बताया गया कि उनके दो पुत्रों—विनोद बंजारे और पिन्टू उर्फ श्रवण बंजारे—के बीच घरेलू विवाद हुआ था।
रिपोर्ट के अनुसार, 17 नवम्बर की शाम सब्जी बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ गया। दर्ज जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान श्रवण बंजारे ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और विनोद बंजारे का पीछा किया। विनोद घर से निकलकर पिलारी नहर की ओर भागा। रिपोर्ट और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, श्रवण ने विनोद पर कुल्हाड़ी से वार किए, जिससे उन्हें चोटें आईं। इसके बाद उन्हें नहर की ओर ले जाया गया, जहाँ पुलिस के अनुसार आगे भी वार किए गए। विनोद बंजारे की मृत्यु हो गई। थाना कवर्धा में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण, शव पंचनामा और गवाहों के कथन लिए। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपने मेमोरेण्डम में घटना के संबंध में जानकारी दी और कुल्हाड़ी, लकड़ी का बैठ तथा कपड़े छिपाने की बात बताई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर यह सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पिन्टू उर्फ श्रवण बंजारे को 18 नवम्बर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिवार के एक सदस्य को दी गई। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले की जांच जारी है। कवर्धा थाना पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि किसी विवाद या घटना की सूचना समय पर दें ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


