कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 16 नवंबर। राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी तथा पश्चिम भारत विज्ञान मेला 2025 के अंतर्गत राज्य स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन जशपुर में 12 से 15 नवंबर तक हुआ। जिसमें पीएमश्री सेजेस बोड़ला के व्याख्याता रवि कुमार वर्मा, रीना पंडित और संजय कुमार चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में बनाया गया मॉडल का चयन राष्ट्रीय स्तर प्रदर्शनी के लिए हुआ है।
मधु द्वारा बनाया गया इलेक्ट्रिसिटी सेविंग एवं काउंटर डिवाइस प्रथम एवं मनोरंजक गणित की मॉडलिंग में भूमिका साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। यह दोनों विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। मधु ने लगातार विद्यालय एवं अन्य शासकीय संस्थाओं में हो रही अनावश्यक खपत को रोकने एवं लोगों की संख्या को गिनने के लिए मॉडल तैयार किया है। जिसमें व्यक्ति के प्रवेश करने पर ही बिजली ,पंखा चलेगा और लोगों को संख्या को गिनेगा।भूमिका साहू द्वारा बनाया गया मॉडल अत्याधिक स्पीड से होने वाली दुर्घटना को रोकेगा और कोई वाहन कितनी दूरी पर है और कितनी स्पीड से आ रहा है उसको बता कर अलर्ट करेगा। साथ ही मैथ्स मैजिक बॉक्स में आपके द्वारा सोचे गए नंबर को बता देता है।
संस्था के प्राचार्य अश्विनी कुमार सोनी ने बताया कि संस्था के विद्यार्थियों ओम कुमार, हेमलता वाकले, सोनम साहू, गरिमा यादव,खिलेश्वर यादव,गौकरण पटेल आदि द्वारा बनाया गया मॉडल को भी राज्य स्तर पर खूब सराहना मिली। प्राचार्य श्री सोनी ने बताया कि इससे पहले 2019—2023 में भी व्याख्याता रवि वर्मा के मार्गदर्शन में बनाया मॉडल राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुआ था। प्राचार्य ने सभी चयनित एवं सभी सम्मिलित विद्यार्थियों को शुभकामना दी है।


